जौनपुर। सरपतहा थाना क्षेत्र के इशापुर गांव में दो बाइकों की हुई टक्कर में एक बाइक पर सवार पिता की मौत हो गई जबकि पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के मुखिया के मौत की खबर मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। खबर लिखे जाने तक शव पोस्टमार्टम से वापस घर नहीं पहुंचा है।
खुटहन थाना क्षेत्र के सियराबासी गांव निवासी 70 वर्षीय भावत प्रसाद तिवारी अपने पुत्र शिव प्रकाश के साथ बाइक पर बैठ सरपतहा क्षेत्र स्थित अपनी रिस्तेदारी गए थे। वहां से बुधवार की शाम लौटते समय हादसा हो गया। श्री तिवारी के सिर में गंभीर चोटें आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनके पुत्र के दोनों पैरों की हड्डियों में फैक्चर हो गया। उसे उपचार हेतु जिला चिकित्सालय से वाराणसी के ट्रामा सेंटर भेज दिया गया। स्व तिवारी के चारों पुत्र रोजी रोटी के चक्कर में बाहर रहा करते हैं। वे घर पर रहकर खेतीबाड़ी व सामाजिक गतिविधियों में शामिल रहा करते थे। मुखिया की मौत से पूरे परिवार में मातम पसर गया।