जौनपुर।रामपुर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित गन्धौना (दादर) के पास बुधवार की तीसरे पहर लगभग 4 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न गया।
जानकारी के अनुसार उक्त निवासी जियालाल यादव (70 वर्ष) पुत्र सहतू यादव साइकिल से रामपुर बाजार जा रहे थे। तभी नेशनल हाईवे क्रॉस करते समय तेज रफ्तार अपाची बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि जियालाल यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में बाइक सवार नीरज यादव (20 वर्ष) पुत्र अरविंद यादव, निवासी गन्धौना (दादर) गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।