जौनपुर।मुंगरा बादशाहपुर जौनपुर रायबरेली हाईवे पर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक इम्तियाज अहमद 31 वर्ष पुत्र मो. रमजान निवासी ग्राम भसोट थाना पवारा जौनपुर अपने घर से बाइक द्वारा पवारा बाजार की ओर आ रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह पवारा बाजार के नजदीक पहुंचे, बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई। हादसा इतना तेज था कि युवक को गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पवारा पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया पहुंचाया। यहां पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष पवारा अनिल कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिल चुकी है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।