जौनपुर।शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के रानीमऊ गांव में रविवार की शाम सड़क हादसे में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
बताया जाता है कि शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के सहावै गांव निवासी श्याम बहादुर (52) बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान रानीमऊ स्थित शराब ठेके के पास सामने से आ रही बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और बाइक से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।