बाइक से टक्कराकर 8 वर्षीय बालक की मौत, पिता गंभीर

Belal Jani
By -

जौनपुर ।पवारा थाना क्षेत्र के सजई गांव में रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के बहोरीकपुर गांव निवासी जितेंद्र सरोज वर्तमान में खेती-बाड़ी के सिलसिले में पवारा थाना क्षेत्र के सजई गांव में रह रहे हैं। रात करीब 10 बजे वह अपने 8 वर्षीय पुत्र दक्ष सरोज के साथ बाल्टी में पानी भरकर सड़क किनारे पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दक्ष सरोज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता जितेंद्र सरोज गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पवारा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घायल को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया। इस संबंध में पवारा थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि वाहन चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।