जौनपुर।अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पवारा और थाना मीरगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने बीती रात एक शातिर अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया, जिसे उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर भेजा गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी मछलीशहर के पर्यवेक्षण में थाना पवारा व थाना मीरगंज पुलिस संयुक्त रूप से कुंवरपुर तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक बदमाश अवैध हथियार के साथ क्षेत्र से भागने की फिराक में है।सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने चितांव की तरफ से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगा, लेकिन फिसलकर गिर गया। खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मो. उमर पुत्र सुहेल अहमद निवासी ग्राम चोरसण्ड थाना गौराबादशाहपुर, जौनपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देशी तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी उमर के ऊपर विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना मीरगंज के थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार सिंह, थाना पवारा के थानाध्यक्ष अनिल कुमार, उपनिरीक्षक सुनील कुमार यादव समेत दोनों थानों की पुलिस टीम शामिल रही।