जौनपुर।केराकत कोतवाली क्षेत्र जौनपुर-गाजीपुर मार्ग पर सोमवार दोपहर करीब एक बजे सरौनी पश्चिमपट्टी गांव के पास बाइकों और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर होने से छः लोग बुरी तरह घायल हो गये। जानकारी के अनुसार गाजीपुर जनपद के सिंगरपुर चांदपुर निवासी सूरज उर्फ कल्लू (18 वर्ष) पुत्र छेदीराम अपने बड़े पिता गजराज के साथ बाइक से जौनपुर से वापस घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों तीन दिन पूर्व रेलवे अंडरपास के पास सड़क दुर्घटना में घायल हुए परिजन अजय कुमार को देखने गए थे और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार दोनों वाहन की भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि दोनों स्कूटी और बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूरज की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे में सूरज के बड़े पिता गजराज भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
वहीं दूसरी बाइक पर सवार पंकज पुत्र जोखू, ईसू कुमार पुत्र संजय कुमार निवासी देवकली, गोविंद कुमार पुत्र मंजू, अमित पुत्र सुरेंद्र तथा बाइक चालक अविनाश उर्फ मेटी पुत्र संजू भी घायल बताए जा रहे हैं। घायलों का उपचार विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।