बाइक ने पैदल जा रहे दो युवकों को मारी टक्कर, हालत गंभीर

Belal Jani
By -


घायल को जिला अस्पताल किया गया रेफर

जौनपुर।मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सुजानगंज मार्ग पर रायपुर गांव के पास रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवक बाइक खड़ी करके सड़क पार कर किसी कार्य से दूसरी ओर पटरी पर जा रहे थे, तभी सामने से आ रही बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार उक्त थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी अतुल कुमार मिश्र (25) पुत्र लालचंद्र मिश्र तथा गणेश कुमार मिश्र (31) पुत्र अशोक कुमार मिश्र अपनी बाइक से किसी काम से सुजानगंज की ओर जा रहे थे। रायपुर गांव के पास दोनों ने अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दी और सड़क पार कर पैदल दूसरी पटरी की ओर जाने लगे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही मुंगरा बादशाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एम्बुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया भेजा गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है। वहीं टक्कर मारने वाले बाइक सवार को मामूली चोटें आईं और वह मौके से फरार हो गया।