पीड़ित ने पड़ोस के दस लोगों पर रंजिशन आग लगाने का लगाया आरोप
जौनपुर।खुटहन थाना क्षेत्र के हैदरपुर गांव में गुरुवार की भोर लगभग दो बजे खपरैल के कच्चे मकान से अचानक आग की लपटें उठने लगी। संयोग अच्छा था कि परिवार के लोग घर के बाहर सोए हुए थे। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बाल्टी से पानी फेंक आग बुझाने की नाकाम कोशिश करते रहे, फायरब्रिगेड के आने के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पीड़ित ने पड़ोस के दस लोगों पर पुरानी रंजिश को लेकर आग लगाने का आरोप लगाया है।
गांव निवासी बृजेश यादव का चार कमरों का खपरैल का मकान है। रोज की तरह परिवार के लोग भोजन के बाद घर के बाहर सो रहे थे। रात लगभग दो बजे उनके मकान में अचानक आग की लपटें उठने लगी। जल रहे बांस बल्ली की तड़तड़ाहट से स्वजनों की नींद खुली तो आग का विकराल रूप देख शोर शराबा करने लगे। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पानी फेंक आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग बढ़ते हुए पूरे मकान को आगोश में ले लिया। घटना की सूचना पुलिस और फायरब्रिगेड को दी गई। फायर ब्रिगेड के जवानों और ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया जा सका। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है।