जौनपुर।शहरी इलाके में इन दिनों मनमानी और लापरवाही से लगी गन्ने का जूस निकालने वाली मशीनें अब जान लेवा साबित हो रही है। आज इसी मशीन की चपेट में आने से महिला का एक हांथ खराब हो गया जिसे डॉक्टर द्वारा उसके शरीर से अलग कर दिया गया है। मामला बुधवार के लगभग 1:00 बजे का है। घटना लाइन बाजार थाना क्षेत्र के जेसीज चौराहे पर घटित हुई है। ज्ञानपुर भदोही जनपद के सुरियावा थाना क्षेत्र के ग्राम महजूदा गांव निवासी अजय कुमार चौहान की 28 वर्षीय पत्नी रिंकी चौहान मायके सराय ख्वाजा अपने बच्चों के साथ जा रही थी। इसी दौरान शहर के जेसीज चौराहे पर रुक कर गन्ने का जूस पीने लगी। उसी समय सड़क के किनारे लापरवाही पूर्वक लगाई गई जूस की मशीन की चपेट में आ गई जिससे उसका बायां हांथ पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। मां की यह हालत देखकर साथ में रहे बच्चे रोने चिल्लाने लगे। तभी महिला को खून से लथपथ अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया। चिकित्सक के अनुसार महिला का बायां हांथ निकाल कर ही उसकी जान बचाने का प्रयास किया जा रहा है। वैसे भी इन दोनों शहरी इलाके के जेसीज चौराहे चहारसू चौराहा कोतवाली चौराहा अंबेडकर तिराहा सब्जी मंडी भंडारी रेलवे स्टेशन समेत आदि जगह बड़ी लापरवाही से लगाई गई यह जूस मशीन जहां ध्वनि प्रदूषण फैला रही है वहीं इसके खटाखट खटाखट की आवाज़ भी आते जाते राहगीरों के सिर का दर्द बन गई है। सड़क की पटरियों पर लगाई गई यह मशीनों से यातायात भी प्रभावित हो रहा है। फिलहाल रिंकी चौहान का तो बायां हांथ अब खत्म ही हो गया है। जिला प्रशासन द्वारा शीघ्र ही यदि कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता है तो ध्वनि प्रदूषण के साथ-साथ नागरिक और राहगीर इन मशीनों का शिकार होते रहेंगे।