जौनपुर।भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती और पेयजल संकट को लेकर शुक्रवार को शहर में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पेयजल संकट के कारण लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।
धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर “बिजली-पानी दो”, “जनता परेशान, प्रशासन बेखबर” जैसे नारे लगाए। कांग्रेस पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
मौके पर पहुंची पुलिस बल ने स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखा। बाद में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर नियमित बिजली आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था सुधारने की मांग की।