वाहन की टक्कर से घायल हुए युवक की उपचार के दौरान मौत

Belal Jani
By -

जौनपुर।पंवारा थाना क्षेत्र के मडवा डोदक नरगहना गांव निवासी एक युवक की सड़क हादसे में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, उक्त गांव निवासी आशिक उर्फ साजन उम्र लगभग (19) पुत्र कमालुद्दीन, गांव के ही विवेक पुत्र ओमप्रकाश जायसवाल के साथ 15 मई की भोर में बाइक से गैस सिलेंडर लेने सुजानगंज जा रहे थे। दोनों अभी सुजानगंज-मछलीशहर मार्ग पर मुस्तफाबाद बाजार के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में आशिक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे उपचार के लिए जौनपुर स्थित एक निजी हॉस्पिटल ले गए। हालत में सुधार न होने पर उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां शनिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि मृतक की मां आसिया की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।