जौनपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा सोमवार से जनपद में शुरू हो गई। पहले दिन की प्रथम पाली में कुल 9,876 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 6,839 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 2,641 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून तक आयोजित की जा रही है। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में संपन्न हो रही है।
पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। जनपद में परीक्षा के लिए कुल 21 केंद्र बनाए गए हैं। छह पालियों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में कुल 56,880 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है तथा अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।