जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र में एक युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर बक्शा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता सुल्तानपुर जनपद के एक गांव की निवासी है और आर्केस्ट्रा में कार्य करती है। पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि आर्केस्ट्रा में काम करने के दौरान उसकी पहचान जौनपुर के लाइन बाजार क्षेत्र निवासी अजीत शर्मा से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और इसी दौरान आरोपी ने शादी का वादा कर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता का आरोप है कि जब भी वह शादी की बात करती थी, आरोपी उसे टाल देता था। तहरीर के अनुसार, 18 मई 2026 को आर्केस्ट्रा का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह नौपेड़वां स्थित आरोपी के किराए के मकान पर गई और शादी को लेकर बातचीत की। इस पर आरोपी कथित रूप से नाराज हो गया और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए बेल्ट से मारपीट की।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी और कहा कि ज्यादा बोलने पर उसे मारकर फेंक देगा, जिससे किसी को कुछ पता नहीं चलेगा।
मामले में बक्शा थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी अजीत शर्मा पुत्र सुधाकर शर्मा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है तथा मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच में प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।