जौनपुर।जनपदवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव की पहल पर गाड़ी संख्या 13239/13240 पटना-कोटा एक्सप्रेस का ठहराव जल्द ही जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर होगा। इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्रालय से स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, जौनपुर सिटी स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव की मांग काफी समय से की जा रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर ट्रेन के ठहराव का अनुरोध किया था। इसके बाद 18 मई 2026 को उन्होंने पुनः रेल मंत्री से भेंट कर इस मांग को प्रमुखता से उठाया।
रेल मंत्री ने जनहित को ध्यान में रखते हुए गाड़ी संख्या 13239/13240 पटना-कोटा एक्सप्रेस के जौनपुर सिटी स्टेशन पर ठहराव को स्वीकृति प्रदान कर दी है। रेलवे की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रेन का ठहराव शुरू कर दिया जाएगा।
राज्यमंत्री के मीडिया प्रभारी मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि यह जनपद के लिए बड़ी उपलब्धि है। ट्रेन के ठहराव से यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ-साथ व्यापार, रोजगार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने इस निर्णय के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है। वहीं जिले के लोगों ने भी इस घोषणा का स्वागत करते हुए इसे जौनपुर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।