जौनपुर।मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के मड़ियाहूं-जलालपुर मार्ग पर चितवार गांव के पास बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक साइकिल सवार किसान की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक के पुत्र रुपेश पटेल ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उनके पिता राजेश पटेल (42) बुधवार सुबह साइकिल से घर से मड़ियाहूं खेती के लिए बीज खरीदने जा रहे थे। सुबह करीब 7:30 बजे जब वह चितवार गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर व उसके चालक को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी कविंद्र राय ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मृतक को एक पुत्री मधु व दो बेटे रूपेश व मुकेश हैं।