हाईस्कूल छात्रा की सड़क हादसे में मौत

Belal Jani
By -

                    
जौनपुर।बक्शा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह कोचिंग के लिए जा रही एक हाईस्कूल छात्रा की सड़क हादसे में मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल छात्रा को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
          महराजगंज थाना क्षेत्र के उमरीकला गांव निवासी रामप्रसाद गौतम की 17 वर्षीया पुत्री रौनक गौतम बक्शा थाना क्षेत्र के दक्षिणपट्टी गांव स्थित अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह धनियामऊ स्थित कोचिंग संस्थान जाने के लिए निकली थी। नेशनल हाईवे-731 पर श्रीनारायण सिन्हा इंटर कॉलेज, सरायहरखू के पास पहुंचने पर वह किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तथा उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौपेड़वा ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया।