डंपर वाहन से मॉर्निंग वॉक कर रहे लोग बाल-बाल बचे,पालतू कुत्ते की मौत

Belal Jani
By -



जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से मॉर्निंग वॉक पर निकले दो लोग बाल-बाल बच गए, जबकि उनके साथ चल रहे पालतू कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, शिवपुर गांव निवासी रामायण सिंह और अनिरुद्ध सिंह उर्फ मखंचू सुबह बेलाव-कबुलपुर मार्ग पर टहल रहे थे। उनके साथ उनका पालतू कुत्ता भी था। जब वे सैदपुर गांव के पास शिवपुर नहर पुलिया के निकट पहुंचे, तभी बेलाव की ओर से मिट्टी लादकर आ रहा एक तेज रफ्तार डंपर वहां पहुंचा।

बताया जाता है कि डंपर ने सड़क पर आगे चल रहे कुत्ते को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कुत्ते को कुचलने के बाद डंपर अनियंत्रित हो गया। स्थिति को भांपते हुए रामायण सिंह और अनिरुद्ध सिंह तत्काल सड़क छोड़कर खेत की ओर भागे, जिससे उनकी जान बच गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने डंपर को रोक लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जलालपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष प्रशांत सिंह ने डंपर और उसके चालक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहनों के संचालन पर चिंता जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।