जौनपुर।वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 27 जुलाई को आयोजित होने वाले 30वें दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान वीवीआईपी आगमन एवं प्रस्थान मार्ग, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास द्वार, बैरिकेडिंग, ड्यूटी प्वाइंट तथा सुरक्षा उपकरणों की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग करते हुए निर्देशित किया कि सभी अपने निर्धारित स्थानों पर समय से पहुंचकर पूरी सतर्कता, अनुशासन और समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को देने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश भी दिए।