जौनपुर।मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र नगर के चुंगी चौराहे पर पैदल जा रही एक महिला को झांसे में लेकर शातिर ठग उसकी सोने की चेन और अंगूठी लेकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
पँवारा थाना क्षेत्र के पँवारा गांव निवासी देवेंद्र दुबे ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनकी माता 23 जुलाई को मायके जा रही थीं। जब वह मछलीशहर नगर के चुंगी चौराहे पर पहुंचीं, तभी बाइक सवार तीन युवक उनके पास आए। इनमें से दो युवक बाइक से उतरकर उन्हें किनारे ले गए और बातचीत के दौरान एक कथित सोने का बिस्किट देते हुए उसे रखने के लिए कहा।
आरोप है कि झांसे में लेकर ठगों ने महिला से लगभग 11 ग्राम वजनी सोने की चेन और सात ग्राम की सोने की अंगूठी ले ली और मौके से फरार हो गए। उनके जाने के बाद आसपास के लोग एकत्र हुए। स्थानीय लोगों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें तीनों संदिग्ध दिखाई दिए, लेकिन उनकी पहचान नहीं हो सकी।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि ठगों द्वारा दिया गया कथित सोने का बिस्किट नकली निकला, जिसे वे कोतवाली में पुलिस को सौंप चुके हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ठगों की तलाश में जुटी हुई है।