सांकेतिक चित्र
अप्रशिक्षित चिकित्सक पर गलत तरीके से प्रसव कराने का आरोप, सीने पर दबाव से पसली टूटने का भी दावा
जौनपुर।खुटहन सब्जी मंडी के बगल जिला मुख्यालय मार्ग पर संचालित एक निजी अस्पताल में मंगलवार को प्रसव के दौरान शिशु की मौत हो गई। वहीं धात्री महिला की हालत गंभीर होने पर उसे आनन-फानन में जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मिठनेपुर गांव निवासी अंकित यादव ने मुख्यमंत्री पोर्टल, जिलाधिकारी, मानवाधिकार आयोग, पुलिस अधीक्षक और थाने में शिकायत कर अस्पताल संचालक व चिकित्सकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि पत्नी सुनीता सिंह को प्रसव पीड़ा होने पर गांव में तैनात आशा की सलाह पर उक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि अप्रशिक्षित महिला चिकित्सक ने गलत तरीके से प्रसव कराया और शिशु को खींचकर बाहर निकाला। जिससे प्रसूता की हालत बिगड़ गई । महिला के सीने पर जोर से दबाव डाला गया, जिससे पसली की हड्डी टूट गई। इस दौरान शिशु की मौत हो गई।
क्षेत्र में अवैध अस्पतालों के संचालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। करीब एक माह पूर्व सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरिफ खान ने कई अस्पतालों को नोटिस दिया था। उस समय लोगों को महसूस हुआ था कि अब अवैध सभी अस्पताल बंद कर दिए जाएंगे। कुछ समय बीतते ही सभी अस्पताल फिर से संचालित हो गये।
थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। आरोपों की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी।