करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसा, मेडिकल कॉलेज में चल रहा उपचार
जौनपुर। सरायख्वाजा क्षेत्र के डाल्हनपुर आवासीय परिसर में सोमवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब होमगार्ड की शारीरिक दक्षता परीक्षा देने आया गाजीपुर का 25 वर्षीय युवक ट्रांसफार्मर के ऊपर चढ़ गया। कुछ ही देर में वह करंट की चपेट में आकर झुलस गया और नीचे गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। इमरजेंसी वार्ड में भर्ती युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सिद्धिकपुर के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में उत्तर प्रदेश होमगार्ड की शारीरिक दक्षता परीक्षा चल रही है। सोमवार को परीक्षा देने के बाद गाजीपुर निवासी अमन स्टेडियम से बाहर निकला। दोपहर करीब 2:30 बजे वह डाल्हनपुर आवासीय परिसर में पहुंचा और वहां लगे ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया। युवक को ट्रांसफार्मर पर चढ़ते देखकर आसपास के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही वह विद्युत करंट की चपेट में आ गया।
हादसे में युवक बुरी तरह झुलस गया और नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से घायल को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
स्टेडियम में होमगार्ड की शारीरिक दक्षता परीक्षा पिछले दो दिनों से आयोजित की जा रही है। यह प्रक्रिया 26 सितंबर तक चलनी है। युवक के ट्रांसफार्मर पर चढ़ने के पीछे क्या वजह थी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस घटना की जानकारी जुटा रही है।