21 नवंबर को लगेगी विशेष लोक अदालत, चेक बाउंस के लंबित मामलों का होगा निस्तारण

Belal Jani
By -


एनआई एक्ट की धारा 138 के मामलों में सुलह-समझौते से मिलेगा समाधान, वादकारियों से लाभ उठाने की अपील


जौनपुर। चेक बाउंस के मामलों में लंबे समय से न्यायालयों के चक्कर लगा रहे वादकारियों के लिए राहत की खबर है। जनपद न्यायालय परिसर में आगामी 21 नवंबर को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट), 1881 की धारा 138 के अंतर्गत लंबित मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।



सिविल जज सीनियर डिवीजन/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुशील सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुशील शशि के निर्देशन में यह विशेष लोक अदालत आयोजित की जा रही है।



उन्होंने बताया कि एनआई एक्ट की धारा 138 के तहत लंबित मामलों के वादकारी न्यायालय में उपस्थित होकर आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से अपने मामलों का निस्तारण करा सकते हैं। उन्होंने संबंधित वादकारियों से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और आपसी सहमति से विवादों का समाधान कराएं।