चोरी के मोबाइल का दिल्ली तक फैला जाल हुआ बेनकाब, सात गिरफ्तार; 939 फोन और 272 सिम बरामद

Belal Jani
By -

40 बोरी मोबाइल स्क्रैप पार्ट्स भी मिले, साइबर अपराध में इस्तेमाल की आशंका पर पुलिस करा रही तकनीकी जांच

जौनपुर।बक्शा पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन खरीदकर दिल्ली में बेचने वाले कथित अंतर्जनपदीय गिरोह का खुलासा करते हुए सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 939 मोबाइल फोन, 272 सिम कार्ड, 40 बोरी मोबाइल स्क्रैप पार्ट्स और 24 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा एक टाटा टियागो कार और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त चोरी सहित अन्य माध्यमों से कम कीमत पर मोबाइल फोन खरीदकर एकत्र करते थे। बड़ी संख्या में मोबाइल इकट्ठा होने के बाद उन्हें बक्शा क्षेत्र में स्थित किराये के मकान में रखा जाता था। यहां पुराने और खराब मोबाइल फोन के मदरबोर्ड, डिस्प्ले, कैमरा तथा अन्य उपयोगी पार्ट्स अलग किए जाते थे। इन पार्ट्स को असेंबल कर कस्टमाइज्ड फोन तैयार किए जाते थे, जिन्हें कथित तौर पर दिल्ली में अलग-अलग लोगों को बेचा जाता था।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के सदस्य हसीम खान उर्फ वसीम के माध्यम से दिल्ली में मोबाइल फोन और उनके पार्ट्स की बिक्री करते थे। पूछताछ में अभियुक्तों ने मोबाइल फोन के संबंध में कोई रसीद अथवा वैध कागजात उपलब्ध नहीं होने की बात स्वीकार की है।
बरामद मोबाइल फोन में 805 की-पैड और 134 एंड्रॉयड फोन शामिल हैं। इनमें सैमसंग, ओप्पो, वीवो, रेडमी, आईफोन, रियलमी, नोकिया, जियो, लावा सहित कई कंपनियों के मोबाइल हैं। इसके साथ ही 272 सिम कार्ड और 40 बोरों में मदरबोर्ड, आईसी, स्क्रीन, चेसिस समेत अन्य मोबाइल पार्ट्स मिले हैं।
साइबर अपराध से भी जुड़ सकते हैं तार
पुलिस के मुताबिक, बरामद मोबाइल फोन, सिम कार्ड और स्क्रैप पार्ट्स का साइबर अपराधों में इस्तेमाल किए जाने की आशंका को देखते हुए तकनीकी जांच कराई जा रही है। मोबाइल फोन के पुराने डेटा, आईएमईआई और डिजिटल पहचान के दुरुपयोग से फर्जी कॉल, लिंक और अन्य माध्यमों से ठगी किए जाने की संभावित कड़ियों की भी पड़ताल की जा रही है। हालांकि, साइबर अपराधों में इनकी संलिप्तता की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने सातों अभियुक्तों के विरुद्ध थाना बक्शा में मुकदमा अपराध संख्या 571/2026 के तहत बीएनएस की धारा 3(5), 61(2), 317(2) और 317(5) में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मुन्नीलाल कन्नौजिया, अरविंद कुमार, मोहम्मद शहनवाज सिद्दीकी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।