जौनपुर।छठ पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। शनिवार को जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने सिरकोनी ब्लॉक के जलालपुर स्थित राजेपुर घाट का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान साफ-सफाई, चेंजिंग रूम, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि छठ पर्व के दौरान घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा पर्व के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।