जौनपुर।गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के मुफ्तीगंज रामपुर ग्राम सभा स्थित पित्तुपुर गांव में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बारात से लौट रहे बाइक सवार एक युवक की दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में युवक का जीजा भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर कर दिया गया है।
सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल संजय को जिला अस्पताल से वाराणसी ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां हालत नाजुक होने पर उन्हें पीजीआई के लिए रेफर कर दिया गया।
इस हृदय विदारक घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। मृतक जितेंद्र पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके सिर से साया उठने के बाद तीन मासूम बच्चों के भविष्य पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। तीन वर्षीय सार्थक और दो वर्षीय खुशबू को तो यह भी नहीं पता कि उनके पिता अब कभी नहीं लौटेंगे। सबसे ज्यादा परिजन उस 21 दिन के दुधमुंहे बच्चे के बारे में सोच है, जिसका अभी नामकरण तक नहीं हुआ है और पिता का साया हमेशा के लिए सिर से उठ गया। पत्नी सोनी और वृद्ध माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में बारात की विदाई और खुशियों का माहौल था, वहां अब सन्नाटा पसरा है और हर आंख नम है। पिता मिठाई लाल गुप्त को बुढ़ापे की लाठी बनने वाले जवान बेटे की अर्थी को कांधा देना पड़ा, जिसे देख ग्रामीणों का जैसे कलेजा फट गया हो।