जौनपुर।बरसठी थाना क्षेत्र के मियाचक बाजार के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब जलनिगम की पाइपलाइन में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में कई किलोमीटर तक काले धुएं का गुबार फैल गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल दमकल विभाग को अवगत कराया। हालांकि फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने के कारण आग काफी देर तक धधकती रही, जिससे सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान हुआ।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी जय प्रकाश यादव ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। करीब एक घंटे बाद दमकल टीम पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।