जौनपुर।मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के होलपुर गांव निवासी 52 वर्षीय रामबहादुर वनवासी की उपचार के बाद मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि आरोपित पक्ष ने इन आरोपों से इंकार किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक रामबहादुर वनवासी पुत्र जवाहर वनवासी पिछले कुछ समय से उकनी गांव में छप्पर डालकर रह रहे थे। मृतक की पत्नी ऊषा देवी का आरोप है कि 18 अप्रैल को उकनी गांव निवासी पूर्व प्रधान राजेश गिरी व अन्य लोगों ने उनके पति के साथ मारपीट की थी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनका इलाज सुजानगंज के एक निजी अस्पताल में कराया गया था, जिसकी मंगलवार देर शाम करीब 8 बजे उनकी मृत्यु हो गई।वहीं, आरोपित पूर्व प्रधान राजेश गिरी ने मारपीट के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वे केवल अपने दिए गए 5 हजार रुपये वापस लेने गए थे और किसी प्रकार की मारपीट नहीं की गई। उनका यह भी कहना है कि मृतक की मौत बीमारी के कारण हुई है। इस संबंध में सतहरिया चौकी इंचार्ज धनंजय राय ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान सामने आए हैं।नवागत थानाध्यक्ष अश्वनी दुबे के अनुसार, मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर रही है।