सांकेतिक चित्र
जौनपुर।मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र में स्थित सतहरिया का एक पेट्रोल पंप पर शनिवार रात्रि एक युवक के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक लखनऊ के इंदिरा नगर क्षेत्र निवासी अशोक कुमार मौर्य रिश्तेदार के यहां से लौट रहे थे। रास्ते में वह सतहरिया पेट्रोल पंप पर वाहन में तेल भरवाने के लिए रुके। उसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोग आपस में झगड़ा कर रहे थे। पीड़ित ने बताया कि उसकी गाड़ी भी पास में खड़ी थी और उसमें उसका परिवार व बच्चे बैठे हुए थे।आरोप है कि जब अशोक कुमार ने उन लोगों से गाड़ी के पास से हटकर झगड़ा करने को कहा, तो वे भड़क उठे। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए अशोक का कॉलर पकड़ लिया, धक्का-मुक्की की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने उसकी पिटाई भी कर दी। पीड़ित के अनुसार, हमलावरों में राजा यादव पुत्र रामसहाय यादव तथा उसके दो अन्य साथी शामिल थे, जो सतहरिया गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना का कुछ भाग सीसीटीवी कैमरे में भी कैद होने की बात कही जा रही है।पीड़ित की शिकायत पर मुंगरा बादशाहपुर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अश्वनी दुबे ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।