जयमाल के बाद भी बगैर दुल्हन के लौटीं बारात

Belal Jani
By -

दुल्हे द्वारा विवादास्पद टिप्पणी ने आग में घी डालने का किया काम

पुलिस की मौजूदगी में हुए समझौते के बाद मामला हुआ शांत

जौनपुर। पवारा थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार रात वैवाहिक खुशियां उस समय गम में तब्दील हो गईं, जब जयमाल और आधे फेरों के बाद दूल्हे और दुल्हन पक्ष के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।

घटना कुछ इस प्रकार बताई जा रही है कि द्वारचार और जयमाल की रस्में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो चुकी थीं। वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान ही दूल्हे का दुल्हन के परिजनों से किसी बात पर विवाद हो गया। इसी बीच दूल्हे द्वारा शादी को लेकर दी गई एक विवादास्पद टिप्पणी ने आग में घी डालने का काम किया। दूल्हे के बयान से नाराज वधू पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया और दूल्हे समेत उसके कुछ परिजनों को बैठा लिया।


मौके पर तनाव बढ़ता देख ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और मामले की गंभीरता को देखते हुए पंचायत बैठी। काफी देर तक चली बातचीत के बाद दोनों पक्ष शादी न करने पर सहमत हुए। समझौते के तहत वर पक्ष, वधू पक्ष को शादी की तैयारियों में हुआ खर्च और उपहार में मिले सामान को वापस करने पर राजी हुआ।

वधू पक्ष का कहना था कि यदि दूल्हा शादी को लेकर मानसिक रूप से तैयार नहीं है, तो भविष्य में बेटी के साथ कोई अनहोनी हो सकती थी। इसी अंदेशे के चलते उन्होंने रिश्ता खत्म करना ही बेहतर समझा। पुलिस की मौजूदगी में लिखा-पढ़ी के बाद बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।