जौनपुर।रिजर्व पुलिस लाइन में आज रिक्रूट आरक्षियों का दीक्षांत परेड समारोह बड़े ही भव्य और गरिमामय अंदाज़ में संपन्न हुआ। नौ महीने के कठिन प्रशिक्षण के बाद 687 रिक्रूट आरक्षियों ने शानदार परेड का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी वैभव कृष्ण रहे।
जौनपुर के आरटीसी रिजर्व पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में आज ‘रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत परेड समारोह 2025-26’ का भव्य आयोजन किया गया। सुबह 8 बजकर 25 मिनट पर परेड की शुरुआत हुई, जहां 24 टोलियों में शामिल 687 रिक्रूट आरक्षियों ने अपने अनुशासन और प्रशिक्षण का शानदार प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी वैभव कृष्ण ने परेड की सलामी ली और टोलियों का निरीक्षण किया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन भी लाइव प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक, संवेदनशील और अपराध के प्रति सख्त रहने का संदेश दिया।
अपने संबोधन में डीआईजी वैभव कृष्ण ने नवआरक्षियों को बधाई देते हुए कहा कि पुलिस वर्दी केवल एक पोशाक नहीं, बल्कि विश्वास, सुरक्षा और न्याय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि “मृदुभाषी लेकिन कर्तव्य के प्रति कठोर”—यही एक आदर्श पुलिसकर्मी की पहचान है।
कार्यक्रम में प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट्स को सम्मानित भी किया गया। अमित कुमार को सर्वांग सर्वोत्तम प्रशिक्षु का पुरस्कार मिला, जबकि अनिकेत ने बाह्य परीक्षा में प्रथम स्थान हासिल किये
समारोह के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह ने सभी नवआरक्षियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद सभी टोलियों ने गौरवपूर्ण मार्च करते हुए परेड का समापन किया।
बता दें कि आज ही इन 687 रिक्रूट आरक्षियों के साथ अन्य संस्थानों से आए कुल 1461 रिक्रूट्स को जनपद के विभिन्न थानों पर व्यवहारिक प्रशिक्षण के लिए तैनात किया जाएगा
तो जौनपुर से ये थी एक प्रेरणादायक तस्वीर, जहां नई ऊर्जा और संकल्प के साथ पुलिस बल में शामिल हुए युवा अब समाज की सुरक्षा और सेवा के लिए तैयार हैं।