जौनपुर।प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीट वेव के प्रकोप के बीच यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) ने जनगणना कार्य को फिलहाल स्थगित कर जुलाई माह में कराए जाने की मांग उठाई है। संगठन का कहना है कि इस भीषण गर्मी में शिक्षकों और कर्मचारियों से फील्ड में कार्य कराना उनके स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकता है।
प्रांतीय नेतृत्व राजेंद्र सिंह राठौर के निर्देश पर यूटा पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचा और एडीएम प्रशासन अजय कुमार अंबष्ट को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने जनगणना कार्य को वर्तमान मौसम परिस्थितियों को देखते हुए जुलाई माह तक टालने की मांग की।
यूटा पदाधिकारियों ने कहा कि इस समय प्रदेश के कई जिलों में तापमान लगातार 45 डिग्री के आसपास पहुंच रहा है। मौसम विभाग द्वारा भी हीट वेव को लेकर लगातार चेतावनी जारी की जा रही है। ऐसे में घर-घर जाकर जनगणना जैसे कार्य करना शिक्षकों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। संगठन ने कहा कि कई कर्मचारी पहले से ही गर्मी जनित बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि शिक्षक पहले से ही शैक्षिक एवं विभागीय कार्यों में व्यस्त हैं। ऐसे समय में भीषण गर्मी के बीच अतिरिक्त फील्ड ड्यूटी देना न केवल कठिन है बल्कि जोखिम भरा भी है। संगठन ने मांग की कि जनहित और कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जनगणना कार्य जुलाई माह में कराया जाए, जब मौसम अपेक्षाकृत सामान्य हो जाए।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष संजय सिंह, जिला मंत्री लक्ष्मी नारायण तिवारी, कोषाध्यक्ष डॉ. आशीष सिंह, अध्यक्ष प्रमोद शुक्ला, श्रीकृष्ण पांडे, संगठन मंत्री यशवंत सिंह तथा श्रीपाल यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। यूटा नेताओं ने उम्मीद जताई कि शासन कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय करेगा।