अनियंत्रित होकर आटो पलटा,चार ज़ख़्मी

Belal Jani
By -


जौनपुर।मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। सभी लोग टेम्पो से शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। घटना सेऊर गांव स्थित बी.डी.एम. होटल के पास एन एच 135 ए पर हुई। सरौना गांव निवासी अनिल सरोज परिवार के साथ साले की शादी में शामिल होने के लिए जमालापुर से जौनपुर जा रहे थे। वे रिजर्व टेम्पो से यात्रा कर रहे थे। जैसे ही टेम्पो सेऊर गांव के पास पहुंचा, तभी सामने चल रही एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने अचानक ब्रेक लगा दिया। जिससे पीछे चल रहा टेम्पो असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में अनिल सरोज के पैर में, मंजू देवी के हाथ और चेहरे पर, करन सरोज के सिर में तथा रूपा सरोज के हाथ में चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और मड़ियाहूं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां सभी का उपचार चल रहा है। हादसे में टेम्पो के आगे का शीशा टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।