पारदर्शिता और तेज प्रशासन पर जोर, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
जौनपुर।जनपद को नया जिलाधिकारी मिल गया है। आईएएस अधिकारी सैमुअल पाल एन ने आज विधिवत रूप से जिलाधिकारी का कार्यभार ग्रहण कर लिया। कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचते ही अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।
कार्यभार संभालने के बाद जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं को पूरी पारदर्शिता और तेजी के साथ लागू करना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नवागत जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ प्रारंभिक बैठक कर विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था और जन शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि आम जनता की समस्याओं का समाधान समयबद्ध और प्रभावी तरीके से किया जाए।
बताते चलें कि पूर्व जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र का तबादला होने के बाद सैमुअल पाल एन को जौनपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नए डीएम के आने से जिले में प्रशासनिक कार्यों में और तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।