अपहरण कर युवक पर जानलेवा हमला

Belal Jani
By -


जौनपुर।मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के पट्टी गांव में फिरौती के लिए युवक का अपहरण कर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सात आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास, फिरौती के लिए अपहरण समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पट्टी गांव निवासी सलामत अली ने रविवार को कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि शनिवार शाम करीब पांच बजे उनका छोटा भाई नियामत अली घर पर बैठा था। आरोप है कि तभी बोलेरो वाहन से नदियाँव गांव निवासी प्रवेश यादव, रमेश यादव तथा उनके साथी शिवम दुबे उर्फ अंचल, शुभम दुबे उर्फ शिवम, अभिषेक उर्फ मोनू, अजय उर्फ गोली और मुकेश दुबे निवासी बड़ेरी वहां पहुंचे और जबरन पैसे की मांग करने लगे।

पीड़ित के अनुसार पैसे न देने पर आरोपित नियामत अली को जबरदस्ती बोलेरो में बैठाकर गांव से कुछ दूरी पर ले गए। वहां पांच, डंडा,  और लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि आरोपितों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में सात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, फिरौती के लिए अपहरण सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।