जौनपुर।जनपद में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने जनपदवासियों से विशेष सावधानी बरतने और स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में तापमान लगभग 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है तथा हीट वेव को लेकर जारी अलर्ट 22 मई तक प्रभावी रहेगा। ऐसे में अत्यंत आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा कि बाहर निकलते समय हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें, सिर को गमछा, टोपी या छाते से ढककर रखें तथा धूप से बचाव के लिए चश्मे का उपयोग करें।
डीएम ने लोगों से अधिक से अधिक पानी, ओआरएस और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने की अपील की। साथ ही मौसमी फलों का सेवन करने और शरीर को ठंडा रखने वाले उपाय अपनाने की सलाह दी गई। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सतर्कता बरतने तथा धूप में बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को तेज सिरदर्द, चक्कर, उल्टी, तेज बुखार या अन्य असामान्य लक्षण महसूस हों तो तत्काल नजदीकी सीएचसी, पीएचसी या जिला अस्पताल में पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श लें।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है तथा जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने जनपदवासियों से प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और सुरक्षित रहने की अपील की।