लाठी-डंडों द्वारा किए गए हमले से एक की मौत, चार घायल

Belal Jani
By -


जौनपुर। बक्सा थाना क्षेत्र के सदुपुर गांव में बुधवार की शाम मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक करीब सात बजे सदुपुर गांव में किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के चार से पांच लोगों ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों एवं लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में अजय सिंह (50 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बचाने पहुंचे उनके छोटे भाई अखिलेश सिंह (55 वर्ष) तथा शिवम (25 वर्ष) भी हमलावरों की चपेट में आ गए।
घटना में अजय सिंह के पुत्र आकृत सिंह (17 वर्ष) भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अखिलेश सिंह के पुत्र हिमांशु सिंह को भी चोटें आई हैं। बताया जाता है कि सभी लोग घर से लगभग 30 मीटर की दूरी पर मौजूद थे, तभी विवाद के बाद हमला हुआ।
घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, यहां पर  चिकित्सकों ने अजय सिंह को देखकर मृत घोषित कर दिया। वहीं अखिलेश सिंह की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दिया। पुलिस ने घायलों का उपचार कराते हुए मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
अजय सिंह की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।