जौनपुर। थाना सिकरारा और सुजानगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने OLX और Animal App पर पशु एवं JCB मशीन बिक्री के नाम पर लोगों को जाल में फंसाकर बंधक बनाने, मारपीट करने और लाखों रुपये की जबरन वसूली करने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मो. अलीम (27) निवासी रानीमऊ, खेतासराय तथा जितेन्द्र यादव (31) निवासी धरौली, आसपुर देवसरा, प्रतापगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर पशु और JCB बिक्री के फर्जी विज्ञापन डालकर खरीदारों को जौनपुर बुलाते थे। सुनसान स्थानों पर ले जाकर उनके साथ मारपीट कर नकदी, मोबाइल और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से बड़ी रकम वसूलते थे।
जांच में सामने आया कि प्रयागराज, मिर्जापुर समेत विभिन्न जनपदों के कई लोग इनके शिकार बने। एक मामले में भैंस खरीदने आए व्यक्ति से करीब 1.93 लाख रुपये, दूसरे मामले में JCB खरीदने पहुंचे लोगों से लगभग 12 लाख रुपये तथा हाल ही में मिर्जापुर के दो व्यक्तियों से करीब 1.41 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर बुधवार को घोरहा नहर पुलिया के पास से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों अभियुक्तों पर हत्या के प्रयास, रंगदारी, धोखाधड़ी, आयुध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, गौ-तस्करी सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य फरार साथियों की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।