प्राइवेट अस्पताल की लापरवाही से जच्चा-बच्चा की मौत का आरोप

Belal Jani
By -

जौनपुर।बदलापुर थाना क्षेत्र कस्बा क्षेत्र के पुरामुकुंद में स्थित निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान कथित लापरवाही के चलते जच्चा-बच्चा की मौत के आरोप का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार मृतका के परिजनों ने  मां अस्पताल के संचालक प्रदीप यादव पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि समय पर उचित उपचार और आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं, जिससे प्रसूता और नवजात दोनों की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए। और कार्रवाई की मांग करने लगे। मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और परिजनों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल जच्चा-बच्चा की मौत के कारणों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।