जौनपुर।जंघई क्षेत्र के रामपुरचौथार गांव में शादी समारोह के दौरान पत्नी की बुआ के घर पहुंचे युवक को साले व रिश्तेदारों ने लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मीरपुर गांव निवासी शिवशंकर गौतम ने पुलिस को बताया कि बीते 4 जून की शाम करीब 5 बजे वह पत्नी की बुआ के यहां रामपुरचौथार गांव में शादी का कार्यक्रम देखने गए थे। वहां मौजूद उनके साले सुरेन्द्र गौतम,दीपक तथा पंडित ने उनसे गाली-गलौज शुरू कर दी। कारण पूछने पर आरोपियों ने कहा कि तुम मेरी बहन (यानी प्रार्थी की पत्नी) के साथ कहासुनी करते हो। इतने में ही सभी ने लाठी-डंडा व लात-घूंसों से शिवशंकर की पिटाई कर दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। तहरीर के मुताबिक आरोपी जाते-जाते शिवशंकर को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। वहां मौजूद लोगों ने घायल का दवा-इलाज कराया। इस घटना से पीड़ित व उसका परिवार भयभीत है।