जौनपुर।शहीद उमानाथ सिंह जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा अचानक ठप होने से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल की अल्ट्रासाउंड मशीन में तकनीकी खराबी आने के कारण जांच कार्य फिलहाल बंद कर दिया गया है।
अल्ट्रासाउंड न हो पाने से गर्भवती महिलाओं सहित विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों को बिना जांच के वापस लौटना पड़ रहा है। कई मरीजों को मजबूरन निजी डायग्नोस्टिक केंद्रों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ रहा है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार मशीन में आई तकनीकी खराबी को दूर कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. संजय कन्नौजिया ने बताया कि मशीन को जल्द से जल्द ठीक कराकर अल्ट्रासाउंड सेवा पुनः शुरू कराई जाएगी, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अस्पताल प्रशासन ने मरीजों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है तथा आश्वासन दिया है कि तकनीकी समस्या का शीघ्र समाधान कर सेवा बहाल कर दी जाएगी।