जौनपुर।चर्चित दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड के मुख्य आरोपी भोला राजभर के मकान पर गुरुवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर बड़ी कार्रवाई की। तहसीलदार शाहगंज की मौजूदगी में राजस्व और पुलिस टीम ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी कराई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
प्रशासन के अनुसार यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता-2006 की धारा 67 के तहत पारित आदेश के अनुपालन में की गई। राजस्व अभिलेखों के मुताबिक ग्राम लपरी, परगना अंगुली, तहसील शाहगंज स्थित गाटा संख्या 841 की ऊसर भूमि के 0.036 हेक्टेयर हिस्से पर भोला पुत्र जियालाल द्वारा लगभग पांच वर्षों से पक्का मकान, बाउंड्रीवाल और अन्य निर्माण कर अवैध कब्जा किया गया था।
मामले में क्षेत्रीय लेखपाल की रिपोर्ट, संयुक्त सीमांकन, स्थलीय निरीक्षण और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तहसीलदार न्यायालय ने अवैध कब्जा हटाने का आदेश पारित किया था। प्रतिवादी को नोटिस जारी कर आपत्ति दाखिल करने का अवसर भी दिया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई आपत्ति प्रस्तुत नहीं की गई।
आदेश के अनुसार आरोपी को सरकारी भूमि से बेदखल करते हुए 39,600 रुपये क्षतिपूर्ति तथा 10 रुपये निष्पादन व्यय वसूलने के निर्देश भी दिए गए हैं।
गौरतलब है कि दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड के बाद पुलिस और प्रशासन लगातार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।